जिलाधिकारी ने हीट वेव (लू) के सम्बन्ध में बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

 

कानपुर देहात  जिलाधिकारी  कपिल सिंह की अध्यक्षता में हीट वेव (लू) के सम्बन्ध में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मॉ. मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में किया गया। बैठक में जनपद में बढ़ती गर्मी एवं संभावित हीट वेव की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने तथा समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि हीट वेव से बचाव हेतु “क्या करें और क्या न करें” का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाए। उन्होंने पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तैयारी के साथ सक्रिय रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्मी से उत्पन्न बीमारियों के उपचार हेतु आवश्यक दवाओं एवं ओआरएस पैकेट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अस्पतालों में ठंडे कक्ष, अतिरिक्त बेड एवं पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जाए तथा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हीट वेव से संबंधित जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाए। पशुपालन विभाग को पशुओं की सुरक्षा हेतु हीट वेव एक्शन प्लान तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पशुओं के लिए चारा एवं पानी की उपलब्धता बनाए रखने तथा पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को मृदा में नमी संरक्षण, वैकल्पिक फसलों के प्रचार-प्रसार, खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा फसलों को रोगों से बचाव हेतु कीटनाशकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग को औद्योगिक एवं निर्माण श्रमिकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने, कार्य के समय में परिवर्तन कराने, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में पेयजल एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्यालय समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन करने तथा विद्यार्थियों की आउटडोर गतिविधियों को सीमित करने के निर्देश दिए गए। पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग को मनरेगा कार्यों की समयावधि में परिवर्तन, कार्यस्थलों पर छाया एवं पेयजल की व्यवस्था तथा जल स्रोतों की मरम्मत एवं उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिंचाई संसाधनों के माध्यम से तालाबों एवं पोखरों में जल भराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत दुर्घटनाओं की समय पर रिपोर्टिंग तथा अस्पतालों के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को हरियाली बढ़ाने, जंगल की आग से बचाव हेतु सतत निगरानी तथा वन्य जीवों एवं पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को बस स्टैंडों पर प्राथमिक चिकित्सा, छाया एवं पेयजल की व्यवस्था तथा चालक-परिचालकों को हीट वेव से बचाव के प्रति प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, पार्कों में छाया की व्यवस्था करने तथा प्रमुख चौराहों पर डिजिटल माध्यम से हीट वेव से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में अस्थायी अग्निशमन केंद्र स्थापित करने, महत्वपूर्ण भवनों का फायर ऑडिट कराने एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग एवं नलकूप खंड को सभी नलकूपों एवं नहरों को चालू स्थिति में रखने, रोस्टर के अनुसार जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा अवैध कटान पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें