कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में जिला खेल अधिकारी नीलम सिद्दीकी के कुशल मार्गदर्शन एवं एथेलेटिक्स कोच, स्पोर्ट्स स्टेडियम कानपुर देहात विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत एथेलेटिक्स चयन ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस चयन प्रक्रिया में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन ट्रायल के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, शॉट पुट एवं जैवलिन थ्रो जैसी प्रमुख एथेलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभागियों का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुल 08 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें 05 बालक एवं 03 बालिकाएं शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें ट्रैक सूट, कट शूज, स्पाइक बैग सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष खिलाड़ियों को किट वितरण की सुविधा भी दी जाती है, जिससे उनकी खेल तैयारी और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के माध्यम से वे भविष्य में , प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।









