गैस आपूर्ति पर डीएम की सख्ती, हर उपभोक्ता तक समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित

 

कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस, छोटे व्यापारियों के लिए भी ईंधन प्रबंधन के निर्देश

जालौन  एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि  गैस सिलेंडरों की निरन्तरता बनी रहे और सभी उपभोक्ताओं को नियमित व निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने गैस एजेंसियों, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन की सतत निगरानी एवं तेल कंपनियों के समन्वय से गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक उपभोक्ता तक होम डिलीवरी के माध्यम से समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को एजेंसियों पर लाइनें न लगाने पाए। उन्होंने बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु एवं जवाबदेह बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर आवश्यक जानकारी, एडवाइजरी एवं जागरूकता संबंधी पंपलेट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा वैकल्पिक बुकिंग माध्यमों को भी सक्रिय रखें। निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को गैस एजेंसियों के कार्यालयों एवं गोदामों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्टॉक की आमद, वितरण एवं अवशेष का प्रतिदिन सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा गैस के डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि कोतवाली स्तर पर ठेला, गुमटी, खुमचा, होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी ईंधन संबंधी आवश्यकताओं का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां छोटे व्यापारी अभी भी कोयला व लकड़ी का उपयोग कर रहे हैं, वहां बेहतर प्रबंधन एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुगम व सुरक्षित ईंधन उपलब्ध हो सके और व्यवसाय संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेट्रोल पंपों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, जिससे अराजक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें