खराब हैंडपंप, जर्जर तार-पोल व पुलियों का तत्काल सर्वे कर मरम्मत कराने के आदेश
जालौन में संभावित भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा कर विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों को व्यापक एवं ठोस कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी हैंडपंपों का व्यापक सर्वे कराया जाए तथा जो हैंडपंप खराब या बंद हैं, उन्हें तत्काल रिबोर कराकर चालू कराया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो। शहरी क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कहीं भी पानी की कमी न आने पाए। प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित कराए जाएं तथा जो वाटर कूलर खराब हैं, उनका सर्वे कर तत्काल मरम्मत कराकर क्रियाशील किया जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। विद्युत व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जर्जर पोल, ढीले तार एवं अन्य तकनीकी कमियों का तत्काल सर्वे कर उन्हें दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में साफ-सफाई का बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनपद की समस्त पुलियों एवं सड़कों से जुड़ी संरचनाओं का सर्वे कर जर्जर पुलियों, टूटी रेलिंग आदि की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय रहते सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।









