कानपुर देहात। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना रसूलाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गंभीर प्रकरण में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास यादव, शीबू एवं कमलेश यादव शामिल हैं, जो संबंधित धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस द्वारा तीनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके अलावा शांति व्यवस्था कायम रखने हेतु पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 18 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं के अंतर्गत चालान किया। इनमें थाना अकबरपुर, रूरा, गजनेर, रनियां, सिकन्दरा, मंगलपुर, राजपुर, बरौर, रसूलाबाद और शिवली पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।












