एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई, पत्रकारों के साथ संवाद गोष्ठी आयोजित
कानपुर देहात। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में वर्ष 2026 की प्रथम तिमाही (1 जनवरी से 31 मार्च) के दौरान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्यवाही की गई। इस दौरान अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गईं।निरोधात्मक कार्यवाही के तहत आबकारी अधिनियम में 45 अभियोग दर्ज कर 451.8 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, वहीं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 145.304 किग्रा गांजा बरामद किया गया। शस्त्र अधिनियम में कार्रवाई करते हुए एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर हथियार व कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर 6 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया।
साइबर अपराध नियंत्रण में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। साइबर क्राइम थाना द्वारा 318 मोबाइल फोन बरामद किए गए तथा पीड़ितों को 32 लाख रुपये से अधिक की धनराशि वापस कराई गई, जबकि 38 लाख रुपये से अधिक की राशि को समय रहते होल्ड कराया गया।
यातायात व्यवस्था में सुधार करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में 46 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। अभियान चलाकर 14,651 वाहनों का चालान कर लगभग 2.64 करोड़ रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए 90 वाहन सीज किए गए।
अपराध नियंत्रण की दिशा में हत्या, लूट, एटीएम चोरी, नकली नोट एवं नकली जेवर जैसे मामलों का सफल खुलासा करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं महिला सुरक्षा के तहत 73 अपहृताओं को सकुशल बरामद किया गया।
इसके अलावा ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 77 अपराधियों को सजा दिलाई गई। अग्निशमन दल द्वारा राहत कार्य करते हुए 10 पशुओं को सुरक्षित निकाला गया तथा एक व्यक्ति की जान बचाई गई।
जनसेवा के क्षेत्र में आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद ने जनवरी व फरवरी माह में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी वितरित की गईं तथा थानों पर मिशन केंद्रों का सुदृढ़ीकरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार बंधुओं के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस व पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, सीओ भोगनीपुर संजय वर्मा, सीओ अकबरपुर संजय कुमार सिंह, सीओ सिकन्दरा प्रिया सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कानपुर देहात पुलिस की यह कार्यवाही सुरक्षा, विश्वास और कानून के राज को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।












