रिकॉर्ड, मिशन शक्ति केंद्र और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा, कस्बे में पैदल गश्त कर जनता को दिलाया भरोसा

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाना रुरा का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जनरल डायरी, माल रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की स्थिति को परखा। उन्होंने मुकदमों से संबंधित माल के सुरक्षित रखरखाव और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीएनएस पोर्टल पर प्रविष्टियों और ई-एफआईआर की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अपराध नियंत्रण को लेकर हिस्ट्रीशीट और बीट बुक की जांच करते हुए पुलिस कर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर, बैरकों और मेस की साफ-सफाई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता पर भी ध्यान देने को कहा गया। शस्त्रों की सुरक्षा और उनके नियमित रखरखाव को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।
मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला सुरक्षा और सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने शिकायत निस्तारण, काउंसलिंग और हेल्पलाइन सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर थाना प्रभारी और संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी, जबकि अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने कस्बा रुरा के प्रमुख मार्गों और बाजारों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।












