पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त कार्रवाई, फैक्ट्री संचालक पर केस
कानपुर देहात। बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में थाना एएचटी, श्रम विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने रनियां क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने श्याम उद्योग डिस्पोजल फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में दो किशोरों से काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों बाल श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहीं फैक्ट्री संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












