कानपुर देहात। थाना शिवली पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर रची गई साजिश से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को ग्राम मकरंदपुर बंथा मार्ग पर राजाबाबू (निवासी झखरा, थाना सचेण्डी, कानपुर नगर) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के पिता रामलखन वर्मा की तहरीर पर 3 अप्रैल को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक का कोमल नाम की युवती से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बीच युवती का संपर्क सागर राजपूत नामक युवक से हुआ, जिससे उसका प्रेम संबंध हो गया। बाद में सागर ने शादी से इंकार कर दिया, जिसके बाद कोमल की शादी राजाबाबू से 7 मई 2026 को तय हो गई।
जब सागर को इस शादी की जानकारी हुई तो उसने कोमल के साथ मिलकर राजाबाबू की हत्या की साजिश रच डाली। घटना वाले दिन कोमल लगातार राजाबाबू से बात कर उसकी लोकेशन सागर को देती रही। इसके बाद सागर ने अपने साथियों ललित नागर और एक नाबालिग के साथ मिलकर राजाबाबू पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सागर राजपूत, कोमल और एक बाल अपचारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।
इस मामले में फरार चल रहे आरोपी ललित नागर को भी पुलिस ने 6 अप्रैल 2026 को शिवली क्षेत्र के मैथा नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 220 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।












