कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में आज जनगणना 2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्ट्रेट में किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा की गई। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जनगणना निदेशालय लखनऊ से आए जनगणना नोडल अधिकारी जिला कानपुर देहात वर्तिका गुप्ता व सहायक निदेशक जनगणना दिनेश यादव द्वारा जनगणना 2027 के सफल, निष्पक्ष एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। अतः सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना कार्य से संबंधित प्रारंभिक तैयारियों, अभिलेखों के अद्यतन, क्षेत्र निर्धारण, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग तथा प्रशिक्षण मॉड्यूल की जानकारी विस्तार से दी।कार्यशाला में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी तहसील स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं तथा जनगणना कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। अंत में अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने अधीनस्थ कार्मिकों को भी जनगणना की प्रक्रिया से भली-भांति अवगत कराएं, ताकि जनगणना 2027 का कार्य सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। इस मौके पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल सहित तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।











