फीस के विवाद में इंटर की छात्रा परीक्षा से वंचित

 

कालपी के ग्रीन बेली इंटर कॉलेज पर गंभीर आरोप, प्रबंधक पर गाली-गलौज का भी दावा

कालपी (जालौन)। कालपी नगर के राजेपुरा क्षेत्र निवासी मो. रजा पुत्र मुईन खान ने नगर स्थित ग्रीन बेली इंटर कॉलेज के प्रबंधक पर कक्षा 12 की छात्रा को फीस के विवाद में परीक्षा से वंचित करने तथा अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने तहसील समाधान दिवस अधिकारी, कालपी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनकी बहन इरम खान ग्रीन बेली इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निर्धारित समय पर पूरी फीस जमा नहीं हो सकी। शिकायत में कहा गया है कि परिवार ने विद्यालय प्रशासन से आधी फीस तत्काल जमा करने और शेष राशि जमा करने के लिए कुछ समय देने का अनुरोध किया था। आरोप है कि इस अनुरोध पर विद्यालय के प्रबंधक शब्बीर खान ने न केवल समय देने से इंकार कर दिया, बल्कि प्रार्थी के साथ मां-बहन की गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि छात्रा को प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी नहीं किया गया, जिसके कारण वह वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस निर्णय से छात्रा का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हुआ है और एक वर्ष नष्ट होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के साथ कठोर एवं असंवेदनशील रवैया अपनाता है, जो बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के समान है।
मो. रजा ने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रबंधक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि भविष्य में किसी भी छात्र को केवल फीस बकाया होने के कारण परीक्षा से वंचित न किया जाए। समाचार लिखे जाने तक विद्यालय प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें