भारत पेट्रोलियम की बीना–पानकी पाइपलाइन के आरओयू क्षेत्र में लेवल–III मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

 

कानपुर देहात  Bharat Petroleum Corporation Limited (बीपीसीएल) की बीना–पानकी मल्टी प्रोडक्ट पेट्रोलियम पाइपलाइन के (ROU) क्षेत्र अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के ग्राम लोधीपुर में  लेवल–III मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
इस अभ्यास का उद्देश्य भूमिगत पेट्रोलियम पाइपलाइन में संभावित लीकेज एवं आग लगने की स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई की तैयारियों का परीक्षण करना था। बीना–पानकी पाइपलाइन एक मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन है, जिसके माध्यम से डीजल, पेट्रोल तथा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एयरक्राफ्ट फ्यूल) का परिवहन किया जाता है।
मॉक ड्रिल के दौरान पाइपलाइन में काल्पनिक रिसाव एवं आगजनी की स्थिति प्रदर्शित की गई। सूचना प्राप्त होते ही निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल आपूर्ति बंद की गई तथा घटनास्थल पर सुरक्षा घेराबंदी कर अग्निशमन की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
अभ्यास में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों—अपर जिलाधिकारी (ADM), क्षेत्राधिकारी (CO), उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (Dy. CMO), आपदा विशेषज्ञ (DE) एवं फायर अधिकारी (FO)—की उपस्थिति रही। सभी संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। संभावित घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने एवं आपात चिकित्सा सेवाओं की तत्परता का भी परीक्षण किया गया। ड्रिल के माध्यम से यह प्रदर्शित किया गया कि आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय, त्वरित सूचना तंत्र तथा प्रशिक्षित टीमों की सक्रियता से संभावित क्षति को न्यूनतम किया जा सकता है। बीपीसीएल के प्रबंधक (ROU) हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के सुरक्षा अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके तथा जन-सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें