कानपुर देहात जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) कपिल सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उ०प्र० लखनऊ की संशोधित अधिसूचना के अनुपालन में जनपद कानपुर देहात की त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के बृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। यह पुनरीक्षण कार्य आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार- दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत हस्तलिखित पांडुलिपियों की तैयारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना तथा सम्भावित अशुद्धियों की स्थापना/निस्तारण की कार्यवाही 07 जनवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक की जाएगी। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी तथा मूल सूची में यथास्थान समाहित करते हुए यथाप्रयोज्य मतदान केंद्रों/स्थलों के निर्धारण की कार्यवाही 21 फरवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक की जाएगी। मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के उपरांत मतदान केंद्रों/स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों का मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रविष्टि आदि कार्य 17 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक संपन्न किए जाएंगे। निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में उक्त संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा समस्त संबंधित कार्यालयों के सूचना-पट्टों पर कार्यक्रम प्रदर्शित करें। यह भी निर्देशित किया गया है कि बृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य संपन्न कराया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित समयावधि में अपने नामों का सत्यापन कर आवश्यक दावे/आपत्तियां प्रस्तुत करें, जिससे मतदाता सूची शुद्ध एवं अद्यतन रूप में प्रकाशित हो सके।











