कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार, माती में युवा कल्याण विभाग द्वारा निर्मित ग्रामीण मिनी स्टेडियम में आउटसोर्सिंग के माध्यम से खेल प्रशिक्षक नियुक्त किए जाने तथा जेम पोर्टल के माध्यम से सेवा प्रदाता फर्म के चयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड सरवनखेड़ा के ग्राम मंगोलपुर स्थित ग्रामीण मिनी स्टेडियम में योग्य खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति हेतु सेवा प्रदाता फर्म के चयन की प्रक्रिया, नियम एवं शर्तों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपूर्ण चयन प्रक्रिया पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं शासनादेश के अनुरूप संपन्न की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से सेवा प्रदाता फर्म का चयन संबंधित शासनादेश एवं निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समस्त प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए तथा किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मिनी स्टेडियमों का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है। योग्य प्रशिक्षकों की नियुक्ति से स्थानीय युवाओं को नियमित प्रशिक्षण मिलेगा तथा वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। बैठक में विधान जायसवाल (मुख्य विकास अधिकारी), जिला क्रीड़ा अधिकारी, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं व्यायाम प्रशिक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिल सके।











