जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नबीपुर से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का किया शुभारम्भ

 

 

कानपुर देहात  राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा प्राथमिक विद्यालय नबीपुर में फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जनपद के समस्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम की शुरुआत कराई गई। उन्होंने उपस्थित बच्चों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे एनीमिया, कमजोरी, कुपोषण तथा पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में एल्बेंडाजोल की गोली बच्चों को इन संक्रमणों से सुरक्षित रखने में अत्यंत प्रभावी है। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा विद्यालय प्रांगण में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी भ्रमण किया गया, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई तथा अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कृमि मुक्ति कार्यक्रम के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज जनपद में लगभग 9 लाख से ज्यादा बच्चों को एल्बेंडाजोल ला सेवन कराया जा रहा है, जिससे बच्चे एनीमिया, कमजोरी, कुपोषण तथा पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याओं से बचेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा एल्बेंडाजोल की गोली से वंचित न रहे। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस एल वर्मा, डॉ आई एच खान सहित, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, बाल विकास विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें