डीआईजी ने किया पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यप्रणाली की समीक्षा

माती, कानपुर देहात। पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय कानपुर देहात का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद डीआईजी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पत्र व्यवहार शाखा में प्राप्त और निर्गत पत्रों के रजिस्टर, पत्रों के समयबद्ध निस्तारण, डायरी प्रविष्टियों, पत्रावलियों के आवागमन, लंबित प्रकरणों तथा डिजिटल अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया। अपराध शाखा में मासिक और त्रैमासिक अपराध आंकड़ों की शुद्धता, अभिलेखों में प्रविष्टियों, चार्ट व ग्राफ के माध्यम से आंकड़ों के प्रस्तुतीकरण तथा उच्चाधिकारियों को भेजी जाने वाली रिपोर्टों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
डीआईजी ने विभिन्न शाखाओं, अभिलेखागार और कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा सभी कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया गया। डीआईजी ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें