श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस लाइन में भक्ति कार्यक्रम

पुलिस लाइन में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

कानपुर देहात की पुलिस लाइन में शुक्रवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का पूजन कर पुलिस परिवार और जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन से जुड़े प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया। इसके साथ ही भक्ति गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे पुलिस लाइन परिसर को भक्तिमय बना दिया। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों को अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने खूब सराहा।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने प्रतिभाग करने वाले बाल कलाकारों और पुलिस परिवार के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय और लोककल्याण का संदेश देता है, जो सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें