कानपुर देहात। थाना रनियां पुलिस ने 25 अगस्त को हुई गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान फजल करीम, सलमान बाबू और इरफान के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोकशी की घटना में शामिल आरोपी दोबारा ऐसी घटना को अंजाम देने की फिराक में स्कूटी से सचेंडी की ओर से रायपुर आ रहे हैं। इसके बाद रिन्द नदी पुल के पास चेकिंग शुरू की गई।
पुलिस ने स्कूटी सवार तीन लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फजल करीम और सलमान बाबू के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, दो चापड़, एक छूरा, एक छुरी, चार मोबाइल फोन, एक स्कूटी और 1330 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 25 अगस्त की रात रायपुर में रिन्द नदी के पुल के पास खेत में एक सांड़ को काटने और उसका मांस ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि आरोपी आवारा गौवंश को पकड़कर मांस निकालने और उसे आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 167/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/4/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गोकशी के पूर्व मामले में दर्ज मुकदमे में भी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।









