उरई। प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक उ0प्र0 कौशल विकास मिशन ने बताया कि भारत कौशल प्रतियोगिता (IndiaSkills Competition) 2026-27 के लिए पंजीकरण प्रारंभ, 15 सितम्बर 2026 अन्तिम तिथि कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार (MSDE) द्वारा देश के प्रतिभावान एवं कुशल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ’भारत कौशल प्रतियोगिता (IndiaSkills Competition) 2026-27’ का शुभारंभ किया गया है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से सफल प्रतिभागी आगे चलकर ‘विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता-2027‘ और -‘विश्व कौशल प्रतियोगिता-2028‘ (World Skills Competition) में प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के लिए ’स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH)’ पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। भारत कौशल प्रतियोगिता देश की प्रमुख कौशल-आधारित प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक कौशल के प्रति रुचि एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा देना तथा उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल प्रतिभाओं की पहचान करना है। वर्ष 2026-27 की प्रतियोगिता में ’63 उद्योग-उन्मुख एवं भविष्य की आवश्यकताओं से संबंधित कौशल श्रेणियां’ शामिल की गई हैं, जिनमें उन्नत विनिर्माण, निर्माण, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग, आतिथय, परिवहन, रचनात्मक उद्योग तथा उभरते हुए क्षेत्रों से संबंधित कौशल शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन ’जिला, मण्डल, राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर’ पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उन्नत प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन के अवसर प्राप्त होंगे तथा योग्य प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार किया जाएगा
जनपद के सभी राजकीय आई0टी0आई0, निजी आई0टी0आई0, पॉलिटेक्निक, मेडीकल कॉलेज, नवोदय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, एवं अन्य प्रशिक्षण संस्थानों’ में अध्ययनरत/प्रशिक्षित प्रतिभावान युवाओं से अपील की जाती है कि वे भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें और अपनी कौशल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करें। इच्छुक अभ्यर्थी Skill India Digital Hub (SIDH) के माध्यम से https://www-skillindiadigital.gov.in के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते है तथा पंजीकरण की अन्तिम तिथि दिनांक 15 सितम्बर, 2026 है। प्रतियोगिता एवं पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है।









