कानपुर देहात। थाना शिवली पुलिस ने आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ₹10 हजार नकद और दो नकली पीली धातु की अंगूठियां बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को बैरी सवाई निवासी हनीफ मोहम्मद से प्रेमशंकर और योगेन्द्र तिवारी ने भैंस खरीदने के लिए पैसे कम पड़ने की बात कही। दोनों ने असली सोने की अंगूठी बताकर नकली अंगूठी दे दी और हनीफ मोहम्मद से ₹15 हजार लेकर ठगी कर ली।
इसके बाद 20 अगस्त की शाम करीब चार बजे दोनों आरोपी दोबारा हनीफ मोहम्मद के घर पहुंचे और इसी तरह नकली अंगूठी देकर ठगी करने का प्रयास किया। शक होने पर स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
हनीफ मोहम्मद की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें ₹10 हजार नकद और एक नकली अंगूठी बरामद हुई। पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराई गई एक अन्य नकली अंगूठी को मिलाकर कुल दो नकली अंगूठियां बरामद हुई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को अपनी मजबूरी बताकर असली सोने के आभूषण बताकर नकली आभूषण कम कीमत में गिरवी रखते थे और रुपये लेकर फरार हो जाते थे। दोनों ने 18 अगस्त को हनीफ मोहम्मद से ₹15 हजार की ठगी करने की बात भी स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमशंकर पुत्र मुशीलाल, निवासी गुलजारी पुरवा मजरा कुढ़वा, थाना शिवली, उम्र 50 वर्ष और योगेन्द्र तिवारी पुत्र कमलेश तिवारी, निवासी बिधूना, थाना बिधूना, जनपद औरैया, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार योगेन्द्र तिवारी के खिलाफ पहले से औरैया जनपद के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।












