उरई। ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर’’ के तहत शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुक्रम में संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी व राजेश कुमार वर्मा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी के नेतृत्व में जनपद जालौन में स्कूली वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी व राजेश कुमार वर्मा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी, राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन व आनन्द राय कुरील यात्री/मालकर अधिकारी जालौन द्वारा माँ शारदा इण्टरनेशल पब्लिक स्कूल, एट जनपद-जालौन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 03 वाहन अनफिट पायीं गयीं, उनको प्रवर्तन दल की अभिरक्षा में फिटनेस सेंटर भेजा गया तथा निर्देशित किया गया कि फिटनेस की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरान्त ही वाहनों का संचालन किया जाए। इसके पूर्व में भी उपरोक्त विद्यालय के वाहन के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की कार्यवाही की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त अन्य विद्यालयों में जाकर औचक निरीक्षण किया। जहाँ पर विद्यालय के प्रबन्धक/प्रधानाचार्य द्वारा लिखित रुप से आश्वासन दिया गया कि उनके द्वारा वाहन फिट होने व वाहन के समस्त प्रपत्र वैध होने की दशा में ही वाहन का संचालन किया जाएगा। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनपद मुख्यालय से दूर-दराज के विद्यालयों पर फोकस करना था।
संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी द्वारा स्कूल प्रबन्धन व वाहन स्वामियों को अवगत कराया गया कि ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर’’ के तहत यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही स्कूल प्रबन्धन व वाहन स्वामियों को सख्त निर्देश दिए गये कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्धारित मानकों (जैसे-जीपीएस, सीसीटीवी, आपातकालीन द्वार, फिटनेस, सर्टिफिकेट और प्रशिक्षित चालक) का शत-प्रतिशत पालन करें। लापरवाही बरतने वाले वाहनों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी व राजेश कुमार वर्मा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी के निर्देशन में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जनपद-जालौन व आनन्द राय कुरील यात्री/मालकर अधिकारी जनपद-जालौन द्वारा 05 स्कूली वाहनों में परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाये जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उनको विभिन्न थानों निरुद्ध किया गया तथा अन्य स्कूली वाहनों के चालान किये गये।
अन्त में संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी व राजेश कुमार वर्मा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी द्वारा कार्यालय के पटलों का निरीक्षण किया गया तथा अन्य बिन्दुओं पर सुधारात्मक व आवश्यक सुझाव/निर्देश दिये गये।












