कानपुर देहात के पांच सर्किलों में शुरू हुए ‘परिवार जागृति’ परिवार परामर्श केंद्र

कानपुर देहात। पारिवारिक विवादों के त्वरित, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण समाधान के उद्देश्य से कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से कानपुर देहात के सर्किल स्तर पर स्थापित ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कानपुर और झांसी परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल रूप से जुड़े।
कानपुर देहात में अकबरपुर, रसूलाबाद, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल में परिवार परामर्श केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर प्रशिक्षित महिला काउंसलर की तैनाती की गई है, जो पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से समाधान का प्रयास करेंगी। जरूरत पड़ने पर विधिक परामर्श और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इन केंद्रों के शुरू होने से अब पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए लोगों को जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। उन्हें अपने निकटतम सर्किल स्तर पर ही परामर्श, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता मिल सकेगी, जिससे समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सकेगा।
परिवार जागृति केंद्रों में सप्ताह में तीन दिन नियमित काउंसलिंग होगी। सभी मामलों का फॉलो-अप मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से किया जाएगा और संबंधित क्षेत्राधिकारी नियमित रूप से केंद्रों की कार्यप्रणाली की निगरानी करेंगे। इस पहल का उद्देश्य छोटे-छोटे गैर-आपराधिक पारिवारिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही संवाद, परामर्श और आपसी सहमति से सुलझाकर परिवारों में विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें