कानपुर देहात के सिकंदरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चोरी की बाइक ले जाने में प्रयुक्त बजाज मैक्सिमा लोडर, 2,820 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मानपुर पुल अंडरपास पर चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध युवकों को दो चोरी की मोटरसाइकिलों सहित पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर औरैया निवासी मुन्ना उर्फ हसनैन और रसूलाबाद निवासी शेर सिंह उर्फ शेरू को भी गिरफ्तार किया गया। उनके प्लॉट से आठ अन्य चोरी की बाइक और लोडर बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने कानपुर देहात और औरैया के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने, उनके इंजन व अन्य पार्ट्स बदलकर पहचान मिटाने और बाद में उन्हें बेचने की बात कबूल की। बरामद वाहनों में दो बाइक पहले से सिकंदरा थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से भी संबंधित मिली हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।











