कानपुर देहात। जिले में रविवार को 30वें मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन 1 शहरी और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में 62 चिकित्सकों और 128 पैरामेडिकल कर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान कुल 1841 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इनमें 920 पुरुष, 699 महिलाएं और 222 बच्चे शामिल रहे।
मेले में कोविड हेल्प डेस्क पर 621 लोगों की स्क्रीनिंग की गई तथा 27 गोल्डन कार्ड बनाए गए। बुखार के 166 मरीजों में 68 की मलेरिया और 15 की डेंगू जांच कराई गई, जिनकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव रहीं। इसके अलावा 42 लोगों का नेत्र परीक्षण, 61 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण और 180 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेले में सर्दी-जुखाम के 86, पेट रोग के 147, त्वचा रोग के 214, एनीमिया के 49, मधुमेह के 72 और उच्च रक्तचाप के 66 मरीज मिले। 38 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 3 संभावित क्षय रोगियों की पहचान कर 11 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
मेले का निरीक्षण अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अनुप कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने किया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आमजन को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने की दिशा में लगातार प्रभावी साबित हो रहा है।










