कानपुर देहात। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात के सभागार में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 52 पारिवारिक मामले प्रस्तुत हुए। नई किरण टीम की काउंसलिंग और समझाइश के बाद 4 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया, जिसके बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए। शेष मामलों में सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस विभाग ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य आपसी मतभेदों से बिखर रहे परिवारों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से पुनः एकजुट करना है।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला सहायता प्रकोष्ठ की महिला पुलिसकर्मी तथा प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्य कंचन मिश्रा, डॉ. पूनम गुप्ता और श्रीराम प्रकाश सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।










