कानपुर देहात। थाना गजनेर पुलिस ने बकरा चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को चोरी के दो बकरों सहित गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, हिम्मापुरवा निवासी राजन सोनकर की तहरीर पर 17 जुलाई को घर के बाहर बंधे दो बकरों की चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी जुबैर (35 वर्ष), निवासी जुग्गापुर, कृपालपुर थाना अकबरपुर को जलालपुर नागिन मोड़, यूपीएसआईडीसी ग्रोथ सेंटर के पास से दो चोरी के बकरों सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी धर्मेंद्र उर्फ आशिक के साथ मिलकर बकरे चोरी किए थे और उन्हें घाटमपुर में बेचने की योजना थी। पुलिस के पहुंचने से पहले उसका साथी फरार हो गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।













