जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

 

समस्त विभाग योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें:जिलाधिकारी

निर्माणाधीन परियोजनाएं गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराएं कार्यदायी संस्थाएं: जिलाधिकारी

कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं, फैमिली आईडी की प्रगति, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे आंकड़ों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं की नियमित मॉनिटरिंग का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर अद्यतन एवं त्रुटिरहित सूचनाएं समय से अपलोड हों तथा योजनाओं की वास्तविक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने अधीन संचालित योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करे। जिन योजनाओं की रैंकिंग बी, सी एवं डी श्रेणी में प्रदर्शित हो रही है, उनके संबंध में संबंधित अधिकारी तत्काल ठोस कार्ययोजना तैयार कर कमियों का निराकरण करें तथा योजनाओं को शीघ्र ए श्रेणी में लाने के लिए विशेष प्रयास करें।
जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी की समीक्षा करते हुए समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैमिली आईडी फीडिंग एवं सत्यापन कार्य में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित प्रत्येक पात्र परिवार को फैमिली आईडी से आच्छादित किया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर लाभार्थियों का सत्यापन एवं पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो सके।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी करें तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का अद्यतन विवरण समय से पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रमुख निर्माण परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उनका त्वरित समाधान कर कार्यों में गति लाई जाए।
बैठक में आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा स्वयं करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अथवा प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी नरेगा अशोक कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी, जीएम डीआईसी प्रभात, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रतिभा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें