कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को पीड़िता की तहरीर पर थाना मंगलपुर में शीलू पुत्र विमल कुमार के विरुद्ध बुरी नीयत से पकड़ने और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में संबंधित बीएनएस की गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गईं।
रविवार को पुलिस टीम ने आरोपी शीलू (26 वर्ष) को ग्राम सुमेर पुरवा जाने वाले मार्ग पर हवासपुर सीएचसी से करीब 400 मीटर आगे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में ग्राम हिसावा, थाना मंगलपुर का निवासी है, जबकि उसका मूल निवास ग्राम मुकुटपुर, थाना बकेवर, जनपद इटावा बताया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मिश्र एवं उनकी टीम ने की।













