पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया आगाज

 

हर बच्चे तक पहुंचे पोलियो की दो बूंद, कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा न छूटे — जिलाधिकारी

 जालौन में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को जिला महिला चिकित्सालय, उरई से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया तथा नवजात शिशुओं के परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव, मोहल्ले अथवा घर-घर पहुंचें तो आमजन उनका पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित नियमित टीकाकरण एवं पल्स पोलियो अभियान के कारण देश में पोलियो नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है और इसे पूरी तरह बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि अभियान के तहत 1,188 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 2,16,833 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथ दिवस के बाद 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक 590 घर-घर भ्रमण टीमें लगभग 3,31,360 घरों तक पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 190 पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त 6 जुलाई को बी-टीम द्वारा उन बच्चों को भी दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश अभियान से छूट गए हों। यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराने के लिए 41 ट्रांजिट टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी तथा जनपद स्तरीय नोडल अधिकारियों द्वारा लगातार पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अभियान शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. आनंद प्रकाश वर्मा, जिला महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जे.एन. राम, सीएमएस डॉ. एस.के. पाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रेम प्रताप, यूएनडीपी/डब्ल्यूएचओ एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, पर्यवेक्षक, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें