कानपुर देहात केंद्र सरकार के सफल, संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में 05 जून 2026 से 21 जून 2026 तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज प्रगति पथ यात्रा एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन द्वारा पूर्ण की गई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के समक्ष प्रस्तुतीकरण करते हुए उनकी उपयोगिता एवं जनहितकारी प्रभावों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलीय अवलोकन के साथ-साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुम्भी, कानपुर देहात में भी किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मा० राज्यमंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, प्रतिभा शुक्ला जी रहीं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। प्रगति पथ यात्रा के दौरान जनपद की प्रमुख पूर्ण परियोजनाओं का अवलोकन कराया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा परियोजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति, निर्माण अवधि, लागत एवं जनउपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर जनपद कानपुर देहात के कानपुर–टुंडला रेल खंड पर स्थित किमी 1062/11–13 (निकट रुरा रेलवे स्टेशन) के समपार संख्या–94बी अकबरपुर–रुरा–शिवली मार्ग पर निर्मित 02 लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत इसका निर्माण कार्य पूर्ण कर जनवरी 2025 में जनसामान्य के आवागमन हेतु प्रारम्भ कर दिया गया। परियोजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि पूर्व में उक्त रेलवे समपार पर रेल यातायात की अधिकता के कारण बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं माल परिवहन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण के उपरांत अब यातायात सुगम हुआ है तथा क्षेत्रीय आवागमन, संपर्क एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। अधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि यह मार्ग भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है जिससे आमजन को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुम्भी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए निवेश, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सा शिक्षा के सुदृढ़ीकरण संबंधी उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं चिकित्सा अवसंरचना विकास से अवगत कराया गया। मुख्य अतिथि मा० राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला जी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना के साथ सरकार निरंतर जनहित में कार्य कर रही है तथा विकास परियोजनाएँ आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने जनसहभागिता को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसहभागिता को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक नागरिकों तक समयबद्ध रूप से पहुँच सके।











