प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी – जिलाधिकारी
जालौन। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, नगर निकाय, पेंशन, आवास तथा भूमि विवादों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए तथा गंभीर प्रकृति की शिकायतों में मौके पर जाकर जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले तथा किसी भी नागरिक की समस्या अनसुनी न रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसंतुष्टि ही प्रशासन की सफलता का सबसे बड़ा पैमाना है और शिकायतकर्ता को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।













