रसूलाबाद कानपुर देहात। थाना क्षेत्र की भैसायां ग्राम पंचायत के मजरा पाल नगर में बीती रात चूल्हे की चिंगारी से एक घर में आग लग गई। आग लगने से नगदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
पाल नगर निवासी ऊदन सिंह पुत्र लज्जाराम पाल का परिवार भीषण गर्मी के चलते घर के बाहर मैदान में सो रहा था। रात करीब एक बजे ग्रामीणों ने उनके घर से आग की लपटें उठती देखीं, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से घर में पैंट की जेब में रखे लगभग 20 हजार रुपये की नगदी, आठ बोरी गेहूं, करीब 20 कुंतल भूसा, छप्पर, कपड़े तथा कच्चे मकान की धन्नियां जल गईं। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने सबमर्सिबल, मोटर और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लेखपाल रावेन्द्र कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान संजीव पाल द्वारा घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मौके पर क्षति का आकलन कर लिया है तथा नियमानुसार पीड़ित को सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।













