कानपुर देहात। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनता से सीधे संवाद की अपनी कार्यशैली को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने रामजानकी महाविद्यालय, बैरी असई स्थित कैंप कार्यालय में मैथा मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, पेंशन, आवास, चिकित्सा तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने प्रत्येक समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा जनसमस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनता की समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इस दौरान कमल शुक्ला, संजय सिंह चंदेल, सियाराम कमल, घनश्याम त्रिवेदी, शैलू शुक्ला, शेखर तिवारी, सहित स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







