कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए इकॉनमी मील मूवेबल ट्रॉली सेवा शुरू कर दी है। गुरुवार को रेल प्रशासन और आईआरसीटीसी की संयुक्त पहल के तहत इस सेवा का शुभारंभ उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर श्री अकांशु गोविल ने चार मूवेबल ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर किया।
नई व्यवस्था के तहत अब सामान्य श्रेणी के कोचों में सफर करने वाले यात्रियों को उनके डिब्बों तक ही स्वच्छ पेयजल, इकॉनमी मील और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस सेवा से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर उतरकर भोजन और पानी खरीदने की परेशानी से राहत मिलेगी, वहीं भीड़भाड़ के बीच ट्रेन छूटने का खतरा भी कम होगा। रेल प्रशासन के अनुसार, यह पहल यात्रियों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) कानपुर पवन कुमार, आईआरसीटीसी सलाहकार अनिल तिवारी, ईएनएचएम मीना सहित रेलवे और आईआरसीटीसी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रयागराज मंडल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।










