हीट वेव को लेकर CMO डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह सख्त, सभी अस्पतालों में बनाए जाएंगे विशेष वार्ड

 

औरैया। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को अस्पतालों में अलग से हीट वेव वार्ड तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों का तत्काल उपचार किया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देशित किया कि अस्पतालों के वार्डों में कूलर की समुचित व्यवस्था की जाए तथा मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी उपलब्ध रहे। इसके साथ ही ORS, इलेक्ट्रॉल एवं जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू को ध्यान में रखते हुए लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। यदि बहुत जरूरी कार्य हो तभी बाहर जाएं तथा बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें। उन्होंने आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए सनग्लास का उपयोग करने की सलाह भी दी।
उन्होंने कहा कि लोग अधिक मात्रा में ORS, इलेक्ट्रॉल, ठंडा पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि वे हीट वेव की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुरेन्द्र कुमार सिंह ने लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों से भी अपील की कि सफर के दौरान बीच-बीच में रुककर आराम करें और लगातार पानी तथा ठंडी चीजों का सेवन करते रहें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जनपद के सभी अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें