पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रसूलाबाद कानपुर देहात। रात्रि में अचानक एक अधेड़ छत से गिर गया। जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गड़रियनपुरवा निवासी 48 वर्षीय अमर सिंह पुत्र श्रीकृष्ण शनिवार रात पत्नी संगीता के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। परिजनों के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे वह लघुशंका के लिए उठे थे। इसी दौरान वह अचानक छत से नीचे गिर गए। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह करीब चार बजे हुई। आनन फानन में उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले जाया गया जहां डॉ. दिलदार हाशमी ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक अमर सिंह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। घटना के बाद पत्नी संगीता समेत सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही असालतगंज चौकी प्रभारी केशवदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच की। कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीएचसी से प्राप्त मेमो के आधार पर कार्रवाई की गई है।








