कानपुर देहात। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 16 मई 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग अभियान में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग करना, हेलमेट न पहनना तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा कुल 992 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। वहीं वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई है।









