रसूलाबाद कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के भीखदेव कहिंजरी के अंतर्गत बाजार निवासी दिलशाद 25 पुत्र बउअन टेलर की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिलशाद गुजरात में अपनी बहन और बहनोई आरिफ के साथ नवजीवन होटल प्रतिक्षा सोसायटी के में रहकर एक टीआई कंपनी में हेल्पर की नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार उसका किसी से रुपए के लेन देन को लेकर विवाद भी चल रहा था। बताया गया कि 3 मार्च को दिलशाद घर से निकला था जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसकी बहन और बहनोई ने उसकी काफी तलाश की। जिसके बाद काफी खोजबीन के दौरान पास के रेलवे स्टेशन के निकट उसके खून से सने कपड़े मिले जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बाद में झाड़ियों से एक शव बरामद किया गया जिसकी पहचान दिलशाद के रूप में हुई। शव की हालत काफी खराब थी और वह कटा-फटा हुआ पाया गया। जिससे पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार को जब शव कहिंजरी पहुंचा तो कोहराम मच गया। बेचैन व गमज़दा परिजन शव से लिपटकर रोये। दिलशाद अपने परिवार में तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।









