कानपुर देहात। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 997 वाहनों के चालान किए और 30 वाहनों को सीज किया। इस दौरान कुल ₹52,81,500 का समन शुल्क वसूला गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के निर्देशन में चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव सिरोही के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक यातायात विवेक कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। लोगों से अपील की गई कि दोपहिया वाहन बिना हेलमेट न चलाएं, तीन सवारी न बैठाएं, चारपहिया में सीट बेल्ट का प्रयोग करें और नशे में वाहन न चलाएं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से संचालित टेम्पो, ई-रिक्शा, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में मोडिफाइड साइलेंसर के 55, प्रेशर हॉर्न के 441 और हूटर के 25 चालान किए गए।
इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।









