जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस अंतर्गत तहसील डेरापुर में सुनीं जनसमस्याएं, निस्तारण के दिये निर्देश

 

कानपुर देहात की समस्त तहसीलों में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा तहसील डेरापुर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये गये। तहसील दिवस के दौरान कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।.जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, छोटे-छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कई शिकायतकर्ताओं द्वारा खतौनी में नाम संशोधन से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित शिकायतकर्ता को संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायतों का रजिस्टर संधारित करें, समय-समय पर समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह,डीएफओ, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी डेरापुर, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें