13 कंपनियों ने लिया प्रतिभाग, 1,373 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार; विधायक पूनम संखवार ने किया शुभारंभ
कानपुर देहात। शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा झाऊलाल गजोधर प्रसाद पीजी महाविद्यालय, रसूलाबाद में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 13 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 1,373 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों पर रोजगार प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रतिभाग कर साक्षात्कार दिया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 734 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।
रोजगार मेले का उद्घाटन विधायक, रसूलाबाद पूनम संखवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा रोजगारपरक पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रोजगार मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
विधायक ने अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने परिवार एवं समाज की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं पात्रता के आधार पर साक्षात्कार लिया गया। मेले में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कुल 1,373 अभ्यर्थियों की सहभागिता तथा 734 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, निजी क्षेत्र की कंपनियों और रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव, नगर पंचायत रसूलाबाद के अधिशासी अधिकारी कुल कमल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रसूलाबाद अजब सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शैलजा मिश्रा, डॉ. बलवान सिंह, अमित तिवारी, श्यामा मिश्रा, आरती त्रिपाठी एवं विशाल शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से वरिष्ठ सहायक राम किशोर सोनकर, कनिष्ठ सहायक पुनीत तिवारी तथा आकाश, अजय, रिशू सहित अन्य कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।













