रोजगार मेले में 387 अभ्यर्थियों का चयन,  राज्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र

 

17 कंपनियों ने लिया प्रतिभाग, 774 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार

कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 774 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों पर रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रतिभाग किया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 387 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन  राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिभा शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी, रोजगारपरक एवं युवाओं के हित में संचालित योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
राज्यमंत्री ने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं कौशल का निरंतर विकास करने तथा उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन अंजना यादव, एचपीपीआई शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, पुखरायां द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव, महाविद्यालय के प्राचार्य उमेश चंद्र तिवारी, डॉ. विकास मिश्रा सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से राम किशोर सोनकर (वरिष्ठ सहायक), पुनीत तिवारी (कनिष्ठ सहायक) तथा आकाश, अजय, रिशू सहित अन्य कर्मचारियों ने रोजगार मेले के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें