राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले

 

राज्य स्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले, वाराणसी ने मेरठ को 13-00 से हराकर फाइनल में किया प्रवेश

 

कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जनपद कानपुर देहात के द जैन वर्ल्ड स्कूल, झांसी हाईवे, मावर में आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को विभिन्न मंडलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश के लिए जोरदार प्रयास किए।
प्रथम पाली में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले
प्रतियोगिता की प्रथम पाली में प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें लखनऊ मंडल ने चित्रकूट मंडल को 24-02 से पराजित किया। गोरखपुर मंडल ने अलीगढ़ मंडल को 25-11 से हराया, जबकि प्रयागराज मंडल ने बस्ती मंडल को कड़े मुकाबले में 13-12 से शिकस्त दी। वहीं, आजमगढ़ मंडल को वॉकओवर के माध्यम से विजेता घोषित किया गया।
द्वितीय पाली में हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले
द्वितीय पाली में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के दौरान आगरा मंडल ने लखनऊ मंडल को 29-18 से पराजित किया। गोरखपुर मंडल ने कानपुर मंडल को 13-02 से हराकर जीत दर्ज की। वाराणसी मंडल ने प्रयागराज मंडल को 15-08 से पराजित किया, जबकि मेरठ मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 07-00 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
वाराणसी ने मेरठ को हराकर फाइनल में बनाई जगह
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला वाराणसी एवं मेरठ मंडल की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले में वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ मंडल को 13-00 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता के अंतर्गत अगले चरण के मुकाबले रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रातः 06:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान दूसरा सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसके माध्यम से प्रतियोगिता के विजेता का निर्णय होगा।
समस्त प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी की देखरेख में कराया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश की उभरती हुई बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल कौशल को निखारने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें