इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि, समय एवं स्थल पर जन्मतिथि प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड के साथ हों उपस्थित
कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कानपुर देहात में प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक खिलाड़ियों के चयन हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय चयन ट्रायल दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों के लिए मंडल स्तरीय चयन ट्रायल 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित होगा।
मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक वाराणसी में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल होंगे विभिन्न एथलेटिक्स इवेंट
सब-जूनियर बालक वर्ग की इस एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर, 110 मीटर हाई हर्डल, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, हैमर थ्रो, मिडिल रिले तथा 03 किलोमीटर रेस वॉकिंग ट्रैक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने जन्मतिथि प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड के साथ जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में उपस्थित होकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करें, ताकि उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सके।












