यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 37 वाहनों के चालान से वसूला 3.21 लाख रुपये जुर्माना

कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने 10 और 11 अक्टूबर की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को भी परखा गया।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की गई। चालकों की जांच ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से की गई, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा बसों में मेडिकल किट, अग्निशमन सिलेंडर, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग सहित यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 37 वाहनों के चालान किए गए और कुल 3 लाख 21 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें