कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक/क्षेत्रीय प्रमुख संतोष कुमार ने शहीद आरक्षी कुनाल भारती की पत्नी सोनी देवी को ₹1 करोड़ 70 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
आरक्षी कुनाल भारती वर्ष 2018 बैच के आरक्षी थे और कानपुर देहात में यूपी-112 सेवा में तैनात थे। 23 अप्रैल 2026 को ड्यूटी समाप्त करने के बाद मोटरसाइकिल से अकबरपुर स्थित अपने आवास की ओर जाते समय शहजादपुर के पास क्रेन से हुई दुर्घटना में उनकी दुखद मृत्यु हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरक्षी कुनाल भारती ने सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। पुलिस विभाग और जनता की सेवा में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
शहीद आरक्षी के परिवार के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को देखते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से ₹1.70 करोड़ की सहायता राशि का चेक उनकी पत्नी को सौंपा गया। इस दौरान परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही समेत पुलिस एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।









