मुख्यमंत्री ने लखनऊ में UPCOS का किया शुभारंभ, पोर्टल व वेबसाइट की लॉन्चिंग और आउटसोर्स कर्मियों को चेक वितरण, जालौन में राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में हुआ सजीव प्रसारण
जालौन। मुख्यमंत्री द्वारा सम्पूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया गया। लोक भवन सभागार, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान UPCOS के पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग, निगम के लोगो का अनावरण तथा आउटसोर्स कर्मियों को चेक वितरण किया गया। कार्यक्रम का जनपद जालौन में सजीव प्रसारण राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ० घनश्याम अनुरागी, विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) राजीव राज, मुख्य चिकित्साधिकारी हरिनंदन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी राम आयोध्या प्रसाद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों की कार्यप्रणाली को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की पहल अत्यंत सराहनीय है। UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन को एकीकृत एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी। आधुनिक तकनीक के उपयोग से व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लगातार तकनीक का समावेश कर उन्हें सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने का कार्य कर रही है। UPCOS का शुभारंभ आउटसोर्स कर्मियों एवं संबंधित विभागों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल व्यवस्था से मानव संसाधन प्रबंधन में बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ कार्यों के प्रभावी संचालन में भी मदद मिलेगी।
मा० विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना सरकार की दूरदर्शी पहल है। UPCOS के माध्यम से व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि की जानकारी भी दी गई। कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत गायत्री देवी पत्नी दिनेश कुमार, मु० लहरियापुरवा उरई, उदयपाल सिंह पुत्र विश्वनाथ, राजेन्द्र नगर उरई तथा गुड्डी पत्नी जाफर अली, करसान रोड नया पटेल नगर उरई को 65-65 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई। इसी प्रकार मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत पूजा पत्नी रोहित कुमार, कांशीराम कॉलोनी उरई को 54,063, नितिन गुप्ता पुत्र रामरूप गुप्ता, जोशियाना जालौन को 31,000 तथा दिनेश कुमार पुत्र ज्वाला प्रसाद, इंद्रा नगर उरई को 31,000 की धनराशि स्वीकृत की गई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त आउटसोर्स कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से मानव संसाधन प्रबंधन को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मा० जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।









