इको पार्क माती में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आउटसोर्स कर्मियों ने देखा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम
कानपुर देहात। लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कानपुर देहात के इको पार्क, माती में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के पोर्टल एवं वेबसाइट का शुभारंभ किया। इसके साथ ही निगम के लोगो का अनावरण किया गया और आउटसोर्स कर्मियों को बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मियों को संबोधित करते हुए नई व्यवस्था की जानकारी दी।
इको पार्क माती में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने लखनऊ से प्रसारित कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के संबोधन को सजीव रूप से देखा और सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को बेहतर सेवा व्यवस्था, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था से आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा के साथ सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूत किया जाएगा।
राकेश सचान ने बताया कि नई व्यवस्था के अंतर्गत आउटसोर्स कर्मियों को न्यूनतम 20 हजार रुपये तक वेतन या मानदेय प्राप्त होने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा एवं दुर्घटना सुरक्षा से जुड़े प्रावधान किए गए हैं। दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार परिवार को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक एमओयू भी किए गए हैं।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। UPCOS के गठन और पोर्टल एवं वेबसाइट के शुभारंभ से आउटसोर्स कर्मियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को एकीकृत और डिजिटल स्वरूप मिलेगा। इससे कर्मियों को आवश्यक जानकारी और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी तथा व्यवस्था अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी।
विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के हित में किए गए निर्णय स्वागत योग्य हैं। बेहतर सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा के साथ कर्मचारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी सरकार की योजनाओं और जनसेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन आउटसोर्स कर्मियों के हितों को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल पोर्टल और वेबसाइट के माध्यम से कर्मियों को विभिन्न जानकारियां एवं सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को अपनी सेवा से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने आउटसोर्स कर्मियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से आउटसोर्स कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा। विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल और सुव्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा पात्र कर्मियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने में सुगमता होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश शासन की ओर से आउटसोर्स कर्मियों के हित में जारी किए जाने वाले सभी दिशा-निर्देशों का जिले में प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने तथा पात्र कर्मियों को निर्धारित सुविधाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न लाभार्थियों को चेक एवं किट का वितरण भी किया गया। लाभार्थियों ने सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मौजूद आउटसोर्स कर्मियों में नई व्यवस्था को लेकर उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी।
आउटसोर्स कर्मियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन से उनकी सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवश्यक जानकारी और सुविधाएं अधिक आसानी से प्राप्त हो सकेंगी।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आउटसोर्स कर्मियों से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान देने का आह्वान किया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, सहायक श्रमायुक्त रामआशीष, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।









