कानपुर देहात। जिला समाज कल्याण अधिकारी कानपुर देहात गीता सिंह ने बताया कि शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत ऐसे पात्र छात्र-छात्राओं को राहत प्रदान करने के लिए विशेष समय-सारिणी जारी की गई है, जिनके आवेदन विभिन्न तकनीकी अथवा अन्य कारणों से लंबित अथवा निरस्त हो गए थे।
उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 में दशमोत्तर कक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले अनेक छात्र-छात्राएं तकनीकी त्रुटियों, शिक्षण संस्थानों द्वारा समय से डेटा लॉक न किए जाने, गलत डेटा अपलोड होने, आवेदन लंबित रहने, पीएफएमएस पर रिजेक्ट होने अथवा ट्रांजेक्शन फेल जैसी समस्याओं के कारण छात्रवृत्ति से वंचित रह गए थे। ऐसे प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों पर पुनः नियमानुसार कार्यवाही कर छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित किए जाने हेतु विशेष अवसर प्रदान किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासनादेश के अनुसार पोर्टल पर लंबित, रिजेक्टेड अथवा तकनीकी कारणों से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर सके पात्र विद्यार्थियों के प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय-सारिणी के अंतर्गत किया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों तथा फसिलिटेटिंग एजेंसियों को समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने प्रभारी उच्च शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने स्तर से सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देशित करें, ताकि निर्धारित समयावधि में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाया जा सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे शासन द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण करें, जिससे कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।









