कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी सर्किल स्तर पर “परिवार जागृति” विकेन्द्रित परिवार परामर्श केन्द्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की निष्पक्ष और संवेदनशील काउंसलिंग कर आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
अकबरपुर, रसूलाबाद, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकन्दरा सर्किल में आयोजित परिवार जागृति केन्द्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की।
कार्यक्रम के दौरान अकबरपुर सर्किल में 6, रसूलाबाद में 4, भोगनीपुर में 1 और सिकन्दरा में 1 परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल 12 परिवारों को दोबारा एक सूत्र में जोड़ते हुए उनके विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। वहीं, शेष मामलों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए अगली तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस के अनुसार, “परिवार जागृति” विकेन्द्रित परिवार परामर्श केन्द्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का त्वरित, संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य परिवारों में संवाद और विश्वास बढ़ाने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।









